Friday, 21 May 2021

यादें

तन्हाई के समय इंसान का एक मात्र सहारा यादें होती हैं। क्योंकि जब इंसान अकेला होता है तो वह उस समय सिर्फ और सिर्फ अपने साथ होता है और यादें ही उसका मनोरंजन करती हैं। कुछ लम्हें उसे हँसा देते हैं गुदगुदा देते हैं तो वहीं दूसरी तरफ कुछ यादों के पन्ने पलटने पर आंखें भर जाती हैं एवं पलकों से बरसती बूंदों से यादों का सागर लहरा जाता है और बस यही कारवां होता है जो इंसान को संजोए रखता है। यह बात भले ही थोड़ी अटपटी लगे क्योंकि लोग कहते हैं कि इंसान यादों को संजोता है पर मुझे लगता है कि यादें ही हैं जो सांसों के साथ बराबर चलते हुए अंतिम समय तक साथ रहती हैं। ये यादें ही होती हैं जो कई साल पहले की घटनाओं को तरोताजा कर देती हैं। उन घटनाओं को याद करके ऐसा लगता है कि मानो वह घटना अभी घटित हुई हो। 

कई बार जब हम खाली बैठे होते हैं तब अपने जीवन में घटित कई घटनाएं सामने आ जाती हैं। कई बार किसी की बातें तो कई बार किसी का चेहरा, कई बार किसी के साथ हुआ झगड़ा तो कई बार किसी के साथ हुआ कुशल व्यवहार। कई बार किसी के साथ बीता सुनहरा पल तो कई बार कुछ अधूरी बातें। 

अब यादों पर अपना वश तो होता नहीं है। यादें तो आ ही जाती हैं, साथ में यह भी एहसास हो जाता है कि हमने क्या सही किया और क्या गलत। हमारे जीवन में घटित कुछ घटनाएं जो वेशक अधूरी होती हैं और समय के साथ उस घटना से हमारा कोई वास्ता भी नहीं रहता। लेकिन लोग तो चले जाते हैं पर यादें तो नहीं जातीं। 

बस मन में यही सवाल आता रहता है कि हमने उस घटना को अधूरा ही क्यों रहने दिया। क्योंकि घटना का तो अंत हो सकता है लेकिन यादों का तो अंत नहीं हो सकता न। काश कि हम वापस फिर से उस समय को जी पाते और अधूरी बातों को पूरा कर लेते। काश.......

और इसी काश के साथ हम एक लम्बी गहरी सांस लेते हैं और जिंदगी फिर उसी पटरी पर दौड़ने लगती है।