Monday, 19 April 2021

लक्ष्य

लक्ष्य, नाम भले ही छोटा लग रहा हो, परन्तु यह एक ऐसा नाम या भाव है जिसको मन में तय करने के बाद मुश्किल कार्य को भी किया जा सकता है। यदि लक्ष्य निश्चित हो तो कार्य को बीच में छोड़ने का इरादा भी बदल जाता है। लक्ष्य तय करने के बाद मेहनत का समय स्वतः ही बढ़ जाता है, यदि किसी कार्य को थोड़े समय के लिए किया जा रहा हो और यदि यह भी तय हो कि इतनी मेहनत से इस कार्य में सफलता पाना थोड़ा कठिन है। लेकिन यदि उसी कार्य को लक्ष्य बनाकर किया जाए तो निश्चित ही उसको देने वाला समय बढ़ जाएगा। क्योंकि हमारे मन में यह बात आ जाती है कि हमें यह कार्य तो करना ही है, और न सिर्फ इस कार्य को करना है बल्कि इस कार्य में सफल भी होना है। 

बिना लक्ष्य के किसी कार्य को करना व्यर्थ ही माना जाता है। यदि लक्ष्य ही निश्चित नहीं है तो उस कार्य का कोई परिणाम नहीं आएगा। उदाहरण के लिए यदि हम चल रहे हैं और यह निश्चित ही नहीं है कि हमें कहां चलना है तो चलने में लगी हुई ऊर्जा व्यर्थ हो जाएगी। हम कितना भी चल लें या कितनी भी मेहनत करलें, उस मेहनत का उचित फल प्राप्त नहीं होगा। वहीं यदि चलने से पहले लक्ष्य को निर्धारित कर लिया जाए कि हमें उस स्थान तक पहुंचना है तो उसका परिणाम हमें कार्य में सफलता के रूप में मिलेगा। अर्थात यदि लक्ष्य तय होता है तो मेहनत का परिणाम भी मिलता है।

चाहे पढ़ाई हो या चाहे नौकरी या फिर चाहे व्यवसाय, हमें लक्ष्य को तय जरूर करना चाहिए। यदि हम लक्ष्य तय करके मेहनत करेंगे तो उस मेहनत में मन भी लगेगा साथ ही हमें लाभ भी होगा भले ही वह लाभ कुछ समय बाद मिले। यदि हम पढ़ाई कर रहे हैं और लक्ष्य तय नहीं किए हैं तो पढ़ाई का कोई महत्व नहीं रह जाता। 

लक्ष्य को तय करने और मेहनत करने से आज नहीं तो कल सफलता अवश्य मिलेगी। साथ ही हमें इस बात की भी खुशी होगी कि हम अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं। इसलिए प्रत्येक कार्य को करने से पहले उसका लक्ष्य अवश्य निर्धारित करना चाहिए।  


No comments:

Post a Comment