शब्द
वाह शब्द! क्या खूबी है तुममें! कभी इतना खुश कर देते हो, मानो संसार की हर खुशी मिल गई हो। तो कभी इतना दुःखी कर देते हो कि लगता है कि काश ये शब्द सुनने से पहले.....।
खैर, अलग-अलग शब्द और अलग-अलग बातें, अलग-अलग शब्द और अलग-अलग सोच।
अच्छे एवं बुरे शब्द दोनों निकलते तो उसी मुख से हैं परन्तु दोनों प्रकार के शब्दों का प्रभाव अलग-अलग पड़ता है। कभी काई व्यक्ति खुश हो जाता है तो कभी व्यक्ति दुःखी हो जाता है तो कभी व्यक्ति को इतना बुरा भी लगता है कि उसके आंखों में आंसू तक आ जाते हैं। ऐसे ही होते हैं शब्द।
ये तो हमने जाना कि शब्द दूसरों को किस तरह प्रभावित करते हैं, लेकिन यदि इस बारे में बात की जाए कि शब्द हमें किस तरह प्रभावित करते हैं तो इसके बारे में एक कहावत याद आती है कि, ‘‘बातन हाथी पाइये बातन हाथी पाँव। इस कहावत में ही सारी बातें छिपी हुई हैं। हमारे शब्द ही होते हैं जो हमें पुरस्कार दिलाते हैं और वही शब्द होते हैं जो दंडित भी करते हैं। अब हमारे ऊपर है कि हम किस प्रकार के शब्दों का प्रयोग करते हैं।
साथ में इस बात का जरूर ध्यान देना चाहिए कि हमारी बात से सामने वाला दुःखी न हो। जो शब्द हमारे लिए साधारण होते हैं, हो सकता है कि सामने वाले व्यक्ति के लिए वे शब्द साधारण न हों और उसे उस बात का बुरा लग जाए। उदाहरण के लिए गाली या अपशब्द। कई बार हम जाने अनजाने में अपशब्द का प्रयोग कर देते हैं और हम उस पर ध्यान भी नहीं देते हैं, हमें लगता है कि यह तो सामान्य बात है। लेकिन हमें यह जरूर सोचना चाहिए कि अपशब्द हमारे लिए सामान्य हो सकते हैं परन्तु जरूरी नहीं कि सामने वाले व्यक्ति के लिए भी सामान्य हों। इसलिए अपशब्द का प्रयोग करना ही नहीं चाहिए।
अपशब्द के अलावा कई बार हम शब्दों से प्रहार करते हैं, कई बार किसी पर तंज कसते हैं तो कई बार कुछ ऐसा कह देते हैं कि सामने वाले व्यक्ति के हृदय पर वह बात लग जाती है। हो सकता है कि हम कई बार उस शब्द के बारे में विचार ही न करें। पर जरूरी नहीं कि कोई भी शब्द सब के लिए समान हों। हमने शब्द से संबंधित कई कहानियां सुनी हैं, जिसमें सामने वाले व्यक्ति को आघात पहुंचा है। और न सिर्फ कहानियां बल्कि सबके जीवन में कुछ घटनाएं ऐसी अवश्य होती हैं, जो शब्द की अहमियत और अलग-अलग व्यक्तियों में उसके प्रभाव को बयां करती हैं।
शब्द, इन शब्दों की कीमत को बनाए रखते हैं और साथ में इस बात का भी ध्यान रखें कि हमारे मुख से निकले शब्द किसी को दुःखी न करें। हमारे शब्दों से दूसरों को सुख पहुंचे और सामने वाले व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कुराहट आए।
No comments:
Post a Comment