Friday, 21 May 2021

यादें

तन्हाई के समय इंसान का एक मात्र सहारा यादें होती हैं। क्योंकि जब इंसान अकेला होता है तो वह उस समय सिर्फ और सिर्फ अपने साथ होता है और यादें ही उसका मनोरंजन करती हैं। कुछ लम्हें उसे हँसा देते हैं गुदगुदा देते हैं तो वहीं दूसरी तरफ कुछ यादों के पन्ने पलटने पर आंखें भर जाती हैं एवं पलकों से बरसती बूंदों से यादों का सागर लहरा जाता है और बस यही कारवां होता है जो इंसान को संजोए रखता है। यह बात भले ही थोड़ी अटपटी लगे क्योंकि लोग कहते हैं कि इंसान यादों को संजोता है पर मुझे लगता है कि यादें ही हैं जो सांसों के साथ बराबर चलते हुए अंतिम समय तक साथ रहती हैं। ये यादें ही होती हैं जो कई साल पहले की घटनाओं को तरोताजा कर देती हैं। उन घटनाओं को याद करके ऐसा लगता है कि मानो वह घटना अभी घटित हुई हो। 

कई बार जब हम खाली बैठे होते हैं तब अपने जीवन में घटित कई घटनाएं सामने आ जाती हैं। कई बार किसी की बातें तो कई बार किसी का चेहरा, कई बार किसी के साथ हुआ झगड़ा तो कई बार किसी के साथ हुआ कुशल व्यवहार। कई बार किसी के साथ बीता सुनहरा पल तो कई बार कुछ अधूरी बातें। 

अब यादों पर अपना वश तो होता नहीं है। यादें तो आ ही जाती हैं, साथ में यह भी एहसास हो जाता है कि हमने क्या सही किया और क्या गलत। हमारे जीवन में घटित कुछ घटनाएं जो वेशक अधूरी होती हैं और समय के साथ उस घटना से हमारा कोई वास्ता भी नहीं रहता। लेकिन लोग तो चले जाते हैं पर यादें तो नहीं जातीं। 

बस मन में यही सवाल आता रहता है कि हमने उस घटना को अधूरा ही क्यों रहने दिया। क्योंकि घटना का तो अंत हो सकता है लेकिन यादों का तो अंत नहीं हो सकता न। काश कि हम वापस फिर से उस समय को जी पाते और अधूरी बातों को पूरा कर लेते। काश.......

और इसी काश के साथ हम एक लम्बी गहरी सांस लेते हैं और जिंदगी फिर उसी पटरी पर दौड़ने लगती है।

Tuesday, 20 April 2021

समय

समय का पहिया कभी रुकता नहीं है। समय अनवरत आगे बढ़ता जाता है। मनुष्य विश्राम या आराम करता है परन्तु समय बिना रुके आगे बढ़ता ही जाता है। शायद इसीलिए समय का अपना अलग ही महत्व होता है। अगर समय एक बार निकल गया तो लाख कोशिश करके भी उसे दोबारा नहीं पाया जा सकता है। जो समय को पहचान लेता है और समय के महत्व को समझकर अपना कार्य करता है उसे निराशा हाथ नहीं लगती। लेकिन जो समय को नहीं पहचान पाता और अपना कार्य कल पर छोड़ता जाता है उसे निराशा ही हाथ लगती है और वह अपने जीवन में सफलता के लक्ष्य से वंचित रह जाता है। 

समय कभी भी एक सा नहीं रहता। कभी अच्छा समय चल रहा होता है तो कभी बुरा समय चल रहा होता है। कभी ऐसा लगता है कि काश! यह समय बहुत जल्दी बीत जाए, तो कभी ऐसा लगता है मानो ये वक्त ही ठहर जाए। अर्थात समय परिवर्तनशील है।  जिस प्रकार दिन-रात, प्रकाश-अंधकार, ठण्डी-गर्मी आदि एक-दूसरे से जुड़े होते हैं, ठीक उसी प्रकार मनुष्य के जीवन में सुख-दुःख भी जुड़े होते हैं। हाँ, मनुष्य इन सारी घटनाओं को समय से ही जोड़ता है। और शायद यह बात सत्य भी है, क्योंकि समय ही तो है जो कभी हंसाता है तो कभी रुलाता है। इसीलिए अच्छा और बुरा समय कहना शायद गलत नहीं होगा। 

समय तो बदलता रहता है लेकिन बदलते समय के साथ इस बात पर भी विचार करना चाहिए कि आखिर अच्छा व बुरा समय आता कैसे है? आखिर क्यों ऐसा होता है कि अचानक से बड़ी मुसीबतें सामने आ जाती हैं तो कभी अचानक से कोई अच्छी घटना घटित हो जाती है। इसके दो कारण हो सकते हैं- एक तो यह कि मुसीबतें हमें मजबूत बनाती हैं और हमारे धैर्य की परीक्षा लेती हैं। दूसरा यह कि वह हमारे की कर्माें का फल होता है। मनुष्य को तो यह याद रहता है कि उसके साथ किसने अच्छा किया और किसने बुरा किया। परन्तु वह व्यक्ति यह भूल जाता है कि उसने किसके साथ बुरा किया। हम सबके सामने किसी व्यक्ति का अपमान करते हैं तो हमें लगता है कि सिर्फ हम ही हैं जो अपमान कर सकते हैं। लेकिन बाद में ऐसा होता है कि हमारा भी अपमान करने वाला कोई न कोई जरूर होता है। लेकिन उस समय हमें यह भूल जाता है कि हमने भी किसी का अपमान किया था। ठीक उसी प्रकार हमारे कारण कभी-कभी दूसरों को दर्द व तकलीफ होती है लेकिन हम उस पर ध्यान नहीं देते लेकिन जब हम पर तकलीफ होती है तो बहुत बुरा लगता है और हम ईश्वर से यही प्रार्थना करते हैं कि जल्द से जल्द यह तकलीफ दूर हो जाए।

बदलते समय के साथ हमें सिर्फ इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हम संयमी रहें और धैर्य को बनाए रखें। अक्सर यह देखा जाता है कि थोड़ी सी मुसीबत आने पर व्यक्ति अपने धैर्य को खो देता और पता नहीं फिर क्या-क्या करने लगता है। यदि धैर्य बनाकर रखेंगे तो निश्चित ही हमारा लाभ होगा। और इस बात का हमेशा ध्यान रखें कि वक़्त चाहे अच्छा हो बुरा, वक़्त तो गुजर ही जाएगा। 


Monday, 19 April 2021

लक्ष्य

लक्ष्य, नाम भले ही छोटा लग रहा हो, परन्तु यह एक ऐसा नाम या भाव है जिसको मन में तय करने के बाद मुश्किल कार्य को भी किया जा सकता है। यदि लक्ष्य निश्चित हो तो कार्य को बीच में छोड़ने का इरादा भी बदल जाता है। लक्ष्य तय करने के बाद मेहनत का समय स्वतः ही बढ़ जाता है, यदि किसी कार्य को थोड़े समय के लिए किया जा रहा हो और यदि यह भी तय हो कि इतनी मेहनत से इस कार्य में सफलता पाना थोड़ा कठिन है। लेकिन यदि उसी कार्य को लक्ष्य बनाकर किया जाए तो निश्चित ही उसको देने वाला समय बढ़ जाएगा। क्योंकि हमारे मन में यह बात आ जाती है कि हमें यह कार्य तो करना ही है, और न सिर्फ इस कार्य को करना है बल्कि इस कार्य में सफल भी होना है। 

बिना लक्ष्य के किसी कार्य को करना व्यर्थ ही माना जाता है। यदि लक्ष्य ही निश्चित नहीं है तो उस कार्य का कोई परिणाम नहीं आएगा। उदाहरण के लिए यदि हम चल रहे हैं और यह निश्चित ही नहीं है कि हमें कहां चलना है तो चलने में लगी हुई ऊर्जा व्यर्थ हो जाएगी। हम कितना भी चल लें या कितनी भी मेहनत करलें, उस मेहनत का उचित फल प्राप्त नहीं होगा। वहीं यदि चलने से पहले लक्ष्य को निर्धारित कर लिया जाए कि हमें उस स्थान तक पहुंचना है तो उसका परिणाम हमें कार्य में सफलता के रूप में मिलेगा। अर्थात यदि लक्ष्य तय होता है तो मेहनत का परिणाम भी मिलता है।

चाहे पढ़ाई हो या चाहे नौकरी या फिर चाहे व्यवसाय, हमें लक्ष्य को तय जरूर करना चाहिए। यदि हम लक्ष्य तय करके मेहनत करेंगे तो उस मेहनत में मन भी लगेगा साथ ही हमें लाभ भी होगा भले ही वह लाभ कुछ समय बाद मिले। यदि हम पढ़ाई कर रहे हैं और लक्ष्य तय नहीं किए हैं तो पढ़ाई का कोई महत्व नहीं रह जाता। 

लक्ष्य को तय करने और मेहनत करने से आज नहीं तो कल सफलता अवश्य मिलेगी। साथ ही हमें इस बात की भी खुशी होगी कि हम अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं। इसलिए प्रत्येक कार्य को करने से पहले उसका लक्ष्य अवश्य निर्धारित करना चाहिए।  


शब्द

शब्द

वाह शब्द! क्या खूबी है तुममें! कभी इतना खुश कर देते हो, मानो संसार की हर खुशी मिल गई हो। तो कभी इतना दुःखी कर देते हो कि लगता है कि काश ये शब्द सुनने से पहले.....।

खैर, अलग-अलग शब्द और अलग-अलग बातें, अलग-अलग शब्द और अलग-अलग सोच।

अच्छे एवं बुरे शब्द दोनों निकलते तो उसी मुख से हैं परन्तु दोनों प्रकार के शब्दों का प्रभाव अलग-अलग पड़ता है। कभी काई व्यक्ति खुश हो जाता है तो कभी व्यक्ति दुःखी हो जाता है तो कभी व्यक्ति को इतना बुरा भी लगता है कि उसके आंखों में आंसू तक आ जाते हैं। ऐसे ही होते हैं शब्द।

ये तो हमने जाना कि शब्द दूसरों को किस तरह प्रभावित करते हैं, लेकिन यदि इस बारे में बात की जाए कि शब्द हमें किस तरह प्रभावित करते हैं तो इसके बारे में एक कहावत याद आती है कि, ‘‘बातन हाथी पाइये बातन हाथी पाँव। इस कहावत में ही सारी बातें छिपी हुई हैं। हमारे शब्द ही होते हैं जो हमें पुरस्कार दिलाते हैं और वही शब्द होते हैं जो दंडित भी करते हैं। अब हमारे ऊपर है कि हम किस प्रकार के शब्दों का प्रयोग करते हैं। 

साथ में इस बात का जरूर ध्यान देना चाहिए कि हमारी बात से सामने वाला दुःखी न हो। जो शब्द हमारे लिए साधारण होते हैं, हो सकता है कि सामने वाले व्यक्ति के लिए वे शब्द साधारण न हों और उसे उस बात का बुरा लग जाए। उदाहरण के लिए गाली या अपशब्द। कई बार हम जाने अनजाने में अपशब्द का प्रयोग कर देते हैं और हम उस पर ध्यान भी नहीं देते हैं, हमें लगता है कि यह तो सामान्य बात है। लेकिन हमें यह जरूर सोचना चाहिए कि अपशब्द हमारे लिए सामान्य हो सकते हैं परन्तु जरूरी नहीं कि सामने वाले व्यक्ति के लिए भी सामान्य हों। इसलिए अपशब्द का प्रयोग करना ही नहीं चाहिए। 

अपशब्द के अलावा कई बार हम शब्दों से प्रहार करते हैं, कई बार किसी पर तंज कसते हैं तो कई बार कुछ ऐसा कह देते हैं कि सामने वाले व्यक्ति के हृदय पर वह बात लग जाती है। हो सकता है कि हम कई बार उस शब्द के बारे में विचार ही न करें। पर जरूरी नहीं कि कोई भी शब्द सब के लिए समान हों। हमने शब्द से संबंधित कई कहानियां सुनी हैं, जिसमें सामने वाले व्यक्ति को आघात पहुंचा है। और न सिर्फ कहानियां बल्कि सबके जीवन में कुछ घटनाएं ऐसी अवश्य होती हैं, जो शब्द की अहमियत और अलग-अलग व्यक्तियों में उसके प्रभाव को बयां करती हैं।

शब्द, इन शब्दों की कीमत को बनाए रखते हैं और साथ में इस बात का भी ध्यान रखें कि हमारे मुख से निकले शब्द किसी को दुःखी न करें। हमारे शब्दों से दूसरों को सुख पहुंचे और सामने वाले व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कुराहट आए।


Tuesday, 6 April 2021

रास्ते

बड़ी ही सहूलियत से कदम बढ़ाते हुए रास्तों पर हम अपनी मंजिल का सफर तय करते जाते हैं। इन्हीं रास्तों पर न जाने कितने ही मोड़ मिलते हैं जिस पर कुछ न कुछ यादें किसी के साथ जरूर बीती होती हैं- कुछ अच्छी, कुछ हसीन, कुछ अनोखी तो कुछ गमगीन। पर जो भी हो ये रास्ते बहुत कुछ सिखलाते हैं। हम कहते भी तो हैं कि रास्ता चाहे जो भी अख़्तियार करो पर मंजिल पर जरूर पहुंचना चाहिए। रास्तों का हमारी जिंदगी में बहुत अहम किरदार होता है क्योंकि इन्हीं पर चलकर हम अपने भविष्य को वर्तमान से बनाते जाते हैं। ये रास्ते हमारी जिंदगी के हर पहलू के गवाह भी होते हैं। इन्हें सब पता होता है कि हम इनसे होकर कहाँ जाते हैं, किससे मिलते-बिछड़ते हैं और हमारी मंजिल क्या है ये सब जानते हैं। 

कभी-कभी कुछ लम्हें इन रास्तों पर ऐेसे भी गुजरे होते हैं कि जब भी लौटकर उन पर सफ़र करते हैं तो पुरानी यादों का मंजर तरोताजा होकर सामने आने लगता है। रास्ते तो वैसे ही रहते हैं क्योंकि रास्ते कभी सफ़र नहीं करते बल्कि इन पर चलकर हम सफ़र करते हैं और कहते हैं कि ये रास्ते कहाँ जाएंगे, पर चले तो हम जाते हैं।


Tuesday, 12 November 2019

गीत

        सुनते ही तरंगित हो उठने वाले मनोभाव जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल हो जाता है, वही गीत है। गीत ऐसी विधि है जिससे जीवन का राग अलापना आसान सा हो जाता है। अश्क भरी जिन्दगी में रंगीन नजारों को दिखलाती एवं अपनी मधुर कला से गीत, व्यक्ति को जीना सिखाती है। रस एवं ताल के समंदर में भीगे लफ्ज़ जो एक पंक्ति में माधुर्य आवाज द्वारा पिरो देने के बाद जीवन के हर पल को हसीन बना देती है। गीत कई बार अनसुलझी पहेलियों एवं रिश्तों की उलझनों को सुलझाने में मददगार साबित होते हैं। गीत की झंकार से रोम-रोम पुलकित हो जाता है।

        गीत अपनी तरंगों से मनःस्थिति की परिस्थिति को समझने एवं समझाने के लायक बना देती है। कुछ गीत, संगीत के माध्यम से ऐसे पिरोए गए होते हैं जिन्हें सुनकर ऐसा प्रतीत होता है मानो वह हमारे मनोभावों को प्रकट कर रहा है। गीत हमको पुरानी यादों की सैर करा देते हैं। गीत के माध्यम से पुरानी यादों के नजारे हमारी आंखों के सामने प्रदर्शित होने लगते हैं। गीत एक प्रकार का साधन है जिससे ध्यान भी लगता है। यह एक प्रकार की साधना है जिससे मोक्ष की प्राप्ति होती है।

Monday, 11 November 2019

मित्रता

        मित्र; यह शब्द शायद पढ़ने में छोटा लगे परन्तु इसकी कीमत का आंकलन कोई भी नहीं कर सकता। मित्र की जब भी बात होती है तो उदाहरण दिया जाता है कृष्ण और सुदामा का, राम और सुग्रीव का।
      
        मित्रता में उम्र, लिंग, रंग इत्यादि का भेद नहीं होता है यह तो वह आंतरिक जुड़ाव होता है जिसे सांसारिक दृष्टि से देखा ही नहीं जा सकता। पारस्परिक अंतरात्मा का भाव ही मित्रता की डोर को आपस में जोड़ कर रखता है।
        अक्सर रिश्तों में तराजू की आवश्यकता पड़ ही जाती है जो उन्हें माप तोल कर यह बताती है कि रिश्तो में कितना वजन है। परन्तु किसी भी तराजू की डोर में इतनी क्षमता नहीं होती जो दोस्ती के वजन को संभाल सके क्योंकि दोस्ती को आत्मिकता की डोर ही संभाल सकती है। यह ऐसी डोर होती है जिसमें लचक या तनाव का कोई असर नहीं होता; यदि होता भी है तो वह जहां से टूटती है वहीं से फिर से शुरू हो जाती है।
        इसीलिए यह कहा गया है कि मित्रता एक ऐसा रिश्ता है जो किसी भी खून के रिश्ते से बढ़कर है।